जनता सेना ने नगर निगम उदयपुर एवं नगर पालिका कानोड के चुनाव की तैयारी शुरू की
प्रत्याशी चयन समिति का गठन
कानोड | आगामी निकाय चुनाव के लिए जनता सेना राजस्थान ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिसके तहत उदयपुर नगर निगम व कानोड़ नगर पालिका चुनाव के लिए चुनाव संचालन समिति व प्रत्याशी चयन समिति का गठन कर दिया गया। राजमहल भीण्डर में मंगलवार को जनता सेना राजस्थान के संरक्षक व पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर के सानिध्य में प्रदेश व देहात जिला पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में नवंबर माह में उदयपुर नगर निगम व कानोड़ नगर पालिका चुनाव की रणनीति व तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। जिसमें पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से कानोड़ नगर पालिका चुनाव पर चर्चा करते हुए चुनाव संपादन के लिए जनता सेना के वरिष्ठ नेताओं की चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। जिसमें परसराम सोनी, छोगालाल दक, रतनलाल लक्षकार, रोड़ीलाल मोरवानिया, मंशालाल सुथार, तेजशंकर पुरोहित को शामिल करते हुए रोशन भावसार को समिति संयोजक बनाया गया।
इसी तरह प्रत्याशी चयन समिति का भी गठन किया गया। जिसमें जनता सेना देहात जिलाध्यक्ष धर्मराज मियावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सज्जन सिंह राणावत, प्रदेश युवा जनता सेना अध्यक्ष शिवसिंह शक्तावत, भीण्डर पंचायत समिति उपप्रधान देवीलाल जाट, खेरोदा मण्डल अध्यक्ष प्रकाश जैन, लूणदा मण्डल अध्यक्ष राकेश पचोरी, प्रदेश महामंत्री प्रभाशंकर शर्मा को संयोजक बनाया गया। वहीं उदयपुर नगर निगम चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता मांगीलाल जोशी के आवास पर हुई बैठक के अनुसार आगामी बैठक में निर्णय करने का विचार किया गया।
