भीण्डर में कटारिया का जनता सेना कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
भीण्डर के रेलवे स्टेशन चौराहे पर जनता सेना कार्यकर्ताओं ने कटारिया को दिखाएं काले झंडे
भीण्डर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया आखिर रविवार को वल्लभनगर विधानसभा के भींडर कस्बे में पहुंचे। वहां उनकी गाड़ी पर स्याही फेंकी गई और जनता सेना के कार्यकर्ताओं ने उनको काले झंडे दिखाए। पुलिस कटारिया को सुरक्षित कार्यकम स्थल पर ले गई। जब स्याही फेंकी गई तब कटारिया की गाड़ी व कुछ पुलिसकर्मियों पर उसके छींटे पड़े। बता दे कि कटारिया का जब कार्यक्रम तय हुआ तब भी पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर की जनता सेना ने उनको काले झंडे दिखाना तय कर दिया था। वैसे रणधीर सिंह इस कार्यक्रम से दूरी बनाए हुए है। भींडर में कटारिया चित्तौडगढ़ के सांसद सीपी जोशी के जीत पर आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेने गए। जनता सेना के काले झंडे दिखाने की पूर्व योजना के तहत वहां पर भारी पुलिस बल लगाया गया था, कटारिया जब वहां पहुंचे तब बारिश के बीच जनता सेना के कार्यकर्ताओं ने कटारिया का विरोध करते हुए स्याही फेेंकी व काले झंडे दिखाए। मोर्चा संभाले पुलिस कटारिया को कार्यक्रम स्थल ले गई। कटारिया ने कार्यक्रम में तंज कसते हुए बोले कि घबराने की जरूरत नहीं है, सारा काम ईश्वर करता है, मन में निश्चिय रखो ईमानदारी से काम करने का। कटारिया ने कहा कि किसी को भ्रम पालने की जरूरत नहीं है, किसी ने कुछ दिखाया तो उसमें से कुछ अच्छा लेने की कोशिश करनी चाहिए।
![]() |
| भीण्डर रेलवे स्टेशन पर कटारिया को काले झंडे दिखाते जनता सेना कार्यकर्ता। |
काफी इंतजार के बाद पहुंचे कटारिया
भीण्डर के शिव वाटिका में अपरान्ह 3 बजे से चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी का अभिनन्दन समारोह आयोजित होना था। जिसको लेकर भीण्डर भाजपा मण्डल द्वारा तैयारियां की गई थी। रामपोल बस स्टेण्ड पर भाजपा कार्यकर्ता स्वागत मे खड़े थे सबसे पहले वल्लभनगर भाजपा प्रभारी उदयलाल डांगी पहुंचे तो उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सांसद सीपी जोशी के पहुंचने पर भव्य आतिशबाजी की गई। वहीं ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस शुरू हो गया। इसी दौरान वल्लभनगर भाजपा प्रभारी उदयलाल डांगी सहित पदाधिकारी कटारिया को लेने के लिए कीर की चौकी गए। 5.30 बजे नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को लेकर भीण्डर पहुंचे। जिनका शिव वाटिका में स्वागत करके कार्यक्रम शुरू किया गया।
शिव वाटिका में आयोजित अभिनन्दन समारोह को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने रणधीर सिंह भीण्डर की पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जो पूरे देश में राज करती थी वो पार्टी गायब हो गई हैं यह छोटे-मोटे पौधे कहां चलेंगे। यह अगर हिन्दुस्तान या राजस्थान की पार्टी होती तो कुछ समझते, यह तो भीण्डर की पार्टी हैं इसको क्या समझें। सारा काम ईश्वर करता हैं उस पर यकीन रखो अगर कुटीलता करोंगे तो घोड़ी बनाकर ही छोड़ेंगा। पंचायत से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के ईमानदार कार्यकर्ताओं की एक लड़ी बनेंगी तो देश का सही मायनों में विकास होगा। भाजपा सदस्यता अभियान में हर वर्ग को जोड़ों और आज जो भी किया उनमें से भी कोई अच्छे हैं उनको भी शामिल करो। कभी कोई व्यक्ति बेकार नहीं होता हैं कभी ना कभी कोई काम आ जाता है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी ने कहा कि "आज का काम जो कुछ ना समझे युवाओं ने किया है। आज यहां से सौंगध खाकर जाना हैं इसका खामियाजा आगामी पंचायत व पालिका चुनाव में भुगतना पड़ेगा। वल्लभनगर में राष्ट्रवाद की जीत हुई है। सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह मत सोचना यह तेरा हैं या मेरा हैं सभी को राष्ट्रवाद की सोच रखने वालो को जोड़ना है। इस अभियान में पूरे जोश के साथ लगोंगे तो प्रधान भी अपना होगा और जिला प्रमुख, नगर पालिका अध्यक्ष भी हमारा होगा।"
कार्यक्रम में उदयलाल डांगी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि "वल्लभनगर विधानसभा की परवाह अगर किसी को हैं तो वह गुलाब चंद कटारिया को है। लोकसभा चुनाव में 80 हजार की जीत कटारिया की देन है। कटारिया के मार्गदर्शन से हम आगामी पंचायत चुनाव में प्रधान की सभी सीटें भाजपा की झोली में डालेंगे।" इस अवसर पर जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, उदयपुर डेयरी अध्यक्ष गीता पटेल, देहात जिलाध्यक्ष भंवरसिंह पंवार, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, देहात महिला मोर्चा अध्यक्ष गोपाल कुंवर, भीण्डर भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुरेश कंठालिया सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस जाप्ता रहा तैनात
नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया का जनता सेना द्वारा विरोध की सूचना के बाद रविवार को प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए नगर में पुलिस जाप्ता तैनात किया। जिसमें उदयपुर पुलिस लाइन के साथ डबोक, वल्लभनगर, खेरोदा, कानोड़ व भीण्डर सहित वल्लभनगर पुलिस उपधीक्षक लाखनसिंह सहित सभी थानों के थानाधिकारी मय जाप्ता तैनात रहे।
भाजपा में शामिल होने से क्यों डरते हो - कटारिया
शिव वाटिका में कार्यक्रम समापन के बाद उदयपुर के लिए रवाना होते समय नगर के सुरजपोल चौराहे पर भीण्डर नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत तेली, उपाध्यक्ष गिरीश सोनी सहित कई पार्षद स्वागत के लिए खड़े थे। कटारिया के पहुंचने पर जनता सेना के बागी पालिका उपाध्यक्ष गिरीश सोनी साफा लेकर कटारिया की ओर बढ़े तो कटारिया ने गाड़ी से उतरने से मना करते हुए कहा कि "तुम लोग भाजपा में शामिल होते नहीं हो और स्वागत करते हो। क्यों डरते हो किससे, भाजपा में शामिल हो जाओ आधी रात में भी मैं तुम्हारे लिए तैयार खड़ा रहूंगा।" इसके बाद कटारिया स्वागत के लिए तैयार हुए तो उपाध्यक्ष ने साफा पहनाया और अन्य सभी ने स्वागत किया।
रिपोर्ट - जयदीप चौबीसा


