प्रतापगढ । प्रधानमंत्री पेंशन योजना शिविर में 78 लाभार्थियों का हुआ पंजीयन
प्रतापगढ । प्रधानमंत्री श्रम योगी एवं व्यापारी पेन्शन मानधन योजना के तहत श्रमिको एवं लघु व्यापारियों को पेन्शन का लाभ देने के लिए मंगलवार को प्रतापगढ पंचायत समिति परिसर में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से 78 लाभार्थियो का पंजीयन किया गया।
विकास अधिकारी मणिलाल मईड़ा ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश से 3 दिसम्बर 2019 मंगलवार को प्रातः 10 बजे से क्षेत्र के श्रमिकों एवं लघु व्यापारियों को पेंशन का लाभ देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के 66, प्रधानमंत्री कर्मयोगी मानधन पेन्शन तहत 8 एवं नई पेन्शन योजना के तहत 4 लाभार्थियो का पंजीयन किया गया।
शिविर में उपखण्ड अधिकारी विनोद मल्होत्रा ने लाभार्थियो का आव्हान किया कि वह ऐसी पेंशन योजना में बढ़चढ़कर पंजीयन कराए, क्योकि प्रत्येक स्वाभिमानी व्यक्ति को अपनी उम्र के अंतिम पड़ाव में भी पूरी आन बान और शान के साथ जीने का अधिकार है। मल्होत्रा ने कहा कि इस उम्र की जागृति आपको भविष्य में किसी के आगे हाथ नही फैलाने देगी। श्रम एवं रोजगार अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जमा की गई हिस्सा राशि के बदले सरकार द्वारा पंजिकृत लाभार्थियो के खाते में प्रतिमाह एक निश्चित राशि सरकार द्वारा जमा करवाई जायेगी।
उक्त एक दिवसीय शिविर का संचालन पंचायत प्रसार अधिकारी रमेशचन्द खटीक ने किया, इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी रामनारायण कुमावत, कार्यालय प्रभारी जितेन्द्र शर्मा, पंचायत प्रसार अधिकारी राजेन्द्र वैद्य क्षेत्र के सभी ग्राम विकास अधिकारी सहायक सचिव, कनिष्ठ लिपिक एवं श्रमिक व लघु व्यापारी उपस्थित थे ।

