भीण्डर: हत्या के आरोपी दामाद को भेजा जेल
भीण्डर। निकटवर्ती सुन्दरपुरा गांव में अपने बड़े ससुर की हत्या करके फरार चल रहे दामाद को भीण्डर पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर ने बताया कि गत सोमवार रात्रि को सुन्दरपुरा निवासी उम्मेदसिंह पिता ईश्वरसिंह राजपुत(75) की हत्या करके फरार चल रहे जंवाई बांसड़ा(नाथद्वारा) हाल सुन्दरपुरा निवासी गोपालसिंह पिता दूल्हे सिंह राजपुत को पुलिस टीम खोज कर रही थी। इस दौरान सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह जेतपुरा महादेव मन्दिर के निकट छिपकर बैठा मिलने पर टीम ने पहुंच करके गिरफ्तार किया था। आरोपी दामाद को आज सुबह भीण्डर न्यायालय में पेश किया गया जहां से कानोड़ जेल भेज दिया।
यह था घटनाक्रम
सुन्दरपुरा निवासी उम्मेद सिंह पिता ईश्वरसिंह राजपुत(75) सोमवार रात्रि को खेत पर रखवाली के लिए झोपड़ी में सो रहे थे। उम्मेद सिंह के छोटे भाई चतर सिंह के जंवाई गोपालसिंह पिता दूल्हे सिंह राजपुत(40) निवासी बांसड़ा(नाथद्वारा) पिछले 20 वर्षों से सुन्दरपुरा में ही रह रहा है। वह रात्रि करीब 11:30 बजे खेत पर पहुंचा। वहां पर पहुंच करके सबसे पहले खेत के एक किनारे पर बना रखी झोपड़ी को आग लगा दी। लेकिन उसमें उम्मेद सिंह के नहीं होने पर गोपालसिंह दूसरे किनारे जाकर दूसरी झोपड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। अंदर सो रहे उम्मेद सिंह आग से बचने के लिए भागे तो गोपालसिंह ने लट्ठ से सिर पर हमला कर दिया। इस पर उम्मेद सिंह खेत में जा गिरे। गोपाल सिंह ने सिर पर लगातार वार करता रहा और पैर पर भी पत्थर से वार करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उम्मेदसिंह की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक गोपाल सिंह मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों व परिजनों ने तुरन्त घायल उम्मेदसिंह को भीण्डर चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां से उदयपुर के लिए रेफर कर दिया। उदयपुर में इलाज के दौरान उम्मेदसिंह की मंगलवार सुबह मौत हो गई थी।
