भीण्डर की टेलीमेडिसिन सेवा पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान पर
भीण्डर । राजस्थान सरकार द्वारा शुरू की गई टेलीमेडिसिन सेवा प्रदेश के 100 चिकित्सालयों में चल रही है, इस सेवा के उपयोग में स्थानीय गुलाब सिंह शक्तावत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीण्डर पूरे प्रदेश में एक बार फिर प्रथम स्थान पर है। इस से पूर्व अगस्त 2019 में भी इस सेवा में भींडर चिकित्सालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे राजस्थान का सिरमौर बना था।
जिले के 5 चिकित्सालयों में संचालित इस योजना में लगभग पिछले एक वर्ष से प्रथम स्थान पर है और मार्च माह में जिले और संभाग में प्रथम स्थान के साथ पूरे राजस्थान में द्वितीय स्थान पर आने के बाद इस सेवा का दायरा बढ़ता गया और नवम्बर माह में फिर से पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। यहाँ के गंभीर मरीज़ रोगों के उपचार के लिए निर्धारित दिनों में जयपुर, मुम्बई, पुना में चिकित्सा विशेषज्ञो से ऑनलाइन परामर्श सुविधाएं प्राप्त कर रहे है।
यहाँ पर उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों से रोगों की जाँच में भी मरीज़ों को सहायता मिल रही है। वर्तमान आंकड़ो के हिसाब से उदयपुर जिले में 5 जगहों पर ये केंद्र संचालित है। भींडर के अलावा हिरण मगरी, चांदपोल, सैटेलाइट, झाड़ोल एवं सलूम्बर चिकित्सालयों के नाम शामिल है।
चिकित्सा विशेषज्ञो से परामर्श टेलीमेडिसिन सेवा केंद्र पर सोमवार से शनिवार तक सप्ताह के 6 दिन अलग-अलग विशेषज्ञ जैसे चर्म रोग, जनरल फिजिशियन, महिला रोग, बाल रोग के डॉक्टर प्रतिदिन, इस के साथ सोमवार को हड्डी रोग, मंगलवार को गैस्ट्रो, बुधवार को हॉर्मोन और एंडोक्राइन रोग, गुरुवार को हड्डी और हृदय रोग, शुक्रवार को नेफ्रोलोजि और न्यूरोलॉजी, शनिवार को हृदय रोग विशेषज्ञ परामर्श देकर ग्रामीण जनता को लाभान्वित कर रहे है।
जागरूकता से और बढ़ेगा रुझान
प्रभारी डॉ नरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया की राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक टेलीमेडिसिन की सेवाएं यहाँ पर उपलब्ध हो रही है। आम आदमी को इस की जानकारी और उपलब्धता समझ आने पर यह योजना और ज्यादा सफल हो पाएगी। केंद्र के संचालक पंकज कुमार चौबीसा ने बताया की विगत डेढ़ साल से यह सेवा संचालित है, इसमें सप्ताह के 6 दिन रविवार को छोड़कर प्रतिदिन मरीज़ों को ऑनलाइन परामर्श दिया जा रहा है।
वही विगत माह में इस सेवा ने राजस्थान में प्रथम स्थान पाया है। सरकारी व्यवस्था के तहत सम्बंधित परामर्श के प्रिंट पर मरीज़ को मुख्यमंत्री निशुल्क दवा काउंटर से दवाइयाँ भी सहजता से प्राप्त हो रही हे।। संचालक चौबीसा ने बताया की अभी इसमें चर्म रोग, हड्डी के रोग, और हृदय रोग के विशेषज्ञो से ज्यादा परामर्श लिया जा रहा है, जैसे-जैसे जागरूकता बढ़ेगी, इन सेवाओं में और सुधार होगा और लोगो को ज्यादा लाभ मिलेगा।
बायचांस से बायपास तक का सफ़र
चिकित्सालय में अवकाश के दिन अपनी ECG लेकर घूम रही एक महिला को संयोगवश टेलीमेडिसिन के कार्डिलोजिस्ट को दिखाया गया, उन्होंने ECG देखते ही उसके हृदयाघात की बात कही, महिला मरीज़ को तुरंत उदयपुर रेफर किया गया और उसकी बायपास सर्जरी हुई। इस तरह के कई मरीज़ कार्डियोलॉजी विभाग, ओर्थोपेडिक विभाग और चर्म रोग विभाग में लाभान्वित होकर राज्यसरकार की इस योजना को धन्यवाद दे रहे है।
रिपोर्ट - जयदीप चौबीसा



