कपासन तीर्थस्थल शनिमहाराज मेले में हजारों श्रद्धालु उमड़े
कपासन। उपखंड क्षेत्र कपासन के प्रसिद्ध तीर्थस्थल शनिमहाराज (आली) में गुरुवार को हरियाली अमावस्या के मेले के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार प्रातः से ही श्रद्धालुओं के आने-जाने का दौर शुरू हो गया जो शाम तक चलता रहा। हजारों की संख्या में पुरुषों व महिलाओं ने लंबी-लंबी कतारों में लगकर पूजा अर्चना कर दर्शन लाभ प्राप्त किए। शनिमहाराज प्रबंधकारिणी कमेटी की ओर से हरियाली अमावस्या के मेले के अवसर पर 17 क्विन्टल शक्कर से निर्मित बूंदी का भोग लगा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निरीक्षक बाबूलाल सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सोहनसिंह भाटी, राजूसिंह नारायणलाल मय पुलिसबल तैनात रहे। शनिमहाराज प्रबंधकारिणी कमेटी के अध्यक्ष छगन लाल गुर्जर सचिव कालूसिंह चौहान, उपाध्यक्ष सत्यनारायण जाट, कोषाध्यक्ष देवीलाल गाडरी आदि ने गुरुवार प्रातः शुभमुहूर्त में वैदिक मंत्रोचार के साथ हवन यज्ञ में आहुतियां दी। बाद में महाआरती की गई।
रिपोर्ट - शभूदयाल टेलर
